स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में समारोह आयोजित कर ध्वजारोहण किया गया. पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी. इसके बाद उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया. समारोह के दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा.
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है. आजादी के बाद देश ने लोकतंत्र और विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों और संविधान की भावना की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है.उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए देश एवं समाज के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को देश की मजबूती का आधार बताया. कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे.
