पेड़ गिरने से घंटों बाधित रहा यातायात

तेज आंधी-तूफान के कारण लोहरदगा-बेड़ो मुख्य पथ पर सेरेंगहातु के पास एक विशाल पेड़ गिर गया.

सेन्हा: मंगलवार दोपहर को सेन्हा प्रखंड क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान के कारण लोहरदगा-बेड़ो मुख्य पथ पर सेरेंगहातु के पास एक विशाल पेड़ गिर गया. इस घटना से सड़क पर घंटों यातायात बाधित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने दूरभाष के माध्यम से अंचलाधिकारी मोदस्सर नजर मंसूरी और थाना प्रभारी वारिश हुसैन को सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना दी. हालांकि, सूचना मिलने के बावजूद सड़क से पेड़ हटाने के लिए तत्काल कोई ठोस पहल नहीं की गयी. थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआइ साहेब कुंवर मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन बिना कोई कार्रवाई किये ही वापस लौट गये, जिससे आम लोगों में रोष दिखा. मुख्य पथ पर विशाल पेड़ गिरने से राहगीरों को आने-जाने में काफी समस्या हुई. गनीमत रही कि इस घटना से किसी तरह का कोई बड़ा हादसा या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार पेड़ को सड़क से हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका और वाहनों का आवागमन सुचारू ढंग से शुरू हुआ. यह घटना स्थानीय प्रशासन की तत्परता पर सवाल खड़े करती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anuj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >