कैरो (लोहरदगा): खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बिक्री से बचाने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो ने कैरो प्रखंड के विभिन्न खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ सहायक कृषि पदाधिकारी शामू साहू, तकनीकी सहायक (एनएफएसएम) दिनेश चंद तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी किशोर उरांव भी मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान खाद के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, मूल्य सूची तथा अन्य अभिलेखों की जांच की गयी. जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों को निर्धारित सरकारी दर पर ही किसानों को खाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि यूरिया की कीमत 266 रुपये प्रति बोरी, डीएपी 1,350 रुपये प्रति बोरी तथा इंडोरामा 20:20:0:13 खाद की कीमत 1,450 रुपये प्रति बोरी निर्धारित है.
कालेन खलखो ने चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वाले दुकानदारों का लाइसेंस रद्द करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने किसानों से खाद खरीदते समय पक्का बिल लेने तथा अधिक कीमत वसूले जाने पर कृषि विभाग या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की.
