लोहरदगा. मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में बुधवार को उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त अभियान फॉर विकसित भारत’ रही. इस दौरान छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया. साथ ही राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 की जानकारी दी गयी.
शिक्षा, खेल और कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिस्टर अस्रिता कंडुलना ने छात्राओं से नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगायें. स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल शिक्षक अजय प्रसाद मौजूद थे.
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नशामुक्ति की शपथ ली. उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया.
VBYLD क्विज में भाग लेने के लिए किया प्रेरित
जिला युवा अधिकारी अजय कुमार सैनी ने छात्राओं को VBYLD 2027 के विभिन्न चरणों की जानकारी दी. उन्होंने MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया बतायी और क्विज प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे विचार भी देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण हो सकते हैं.
जिला युवा अधिकारी ने छात्राओं से VBYLD क्विज के साथ आगामी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया. कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही.
