फोटो खिलाड़ियों के साथ उपायुक्त लोहरदगा में 64वां सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ लोहरदगा. समाहरणालय मैदान में शुक्रवार को 64वां सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2025 का दो दिवसीय आयोजन शुरू हुआ. प्रतियोगिता का उदघाटन उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने किया. समारोह में उन्होंने किस्को और लोहरदगा की अंडर-17 बालक वर्ग की टीमों से परिचय प्राप्त किया और मैच का टॉस कर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की. समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि लोहरदगा जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं में विशेष उत्साह देखा जाता है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पोटो हो खेल विकास योजना के तहत विभिन्न पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण कराया गया है और खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जा रही हैं. उपायुक्त ने कहा कि आज खेल सिर्फ मनोरंजन या शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह करियर निर्माण का सशक्त जरिया बन चुका है. खेल अनुशासन, टीम भावना और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा देता है. लोहरदगा के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मंच और अवसर मिलने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिजीत कुमार, एडीपीओ विनय बंधु कच्छप, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार सहित कई अधिकारी, शिक्षक, खेलप्रेमी और छात्र उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
