कृष्णा मिश्रा की रिपोर्ट
Lohardaga: सेन्हा में सड़क दुर्घटना में युवक घायल होकर घटना स्थल पर ही तड़पता रहा, लेकिन सूचना के बाद भी समय से एंबुलेंस नहीं पहुंचा. इसके बाद निजी वाहन से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार हुआ. घटना सेन्हा थाना अंतर्गत एन एच 143 ए लोहरदगा घाघरा मुख्य पथ पर रामनगर की है. अज्ञात कार की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया था, जिसकी पहचान सेन्हा थाना क्षेत्र के जोगना गांव निवासी स्व रामचरण साहू के 38 वर्षीय पुत्र धर्मवीर साहू के रूप में हुई.
कार सवार ने मारी थी टक्कर
जानकारी के अनुसार धर्मवीर साहू सेन्हा से अपना घर जोगना जा रहा था. उसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी. कार काफी तेज गति से आ रही थी और एक बॉक्साइड लदे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ. मोटरसाइकिल सवार धर्मवीर साहू के पैर में टक्कर मारकर कार चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया. मिली जानकारी के अनुसार धर्मवीर साहू किसी बाइक सवार से लिफ्ट लेकर घर की ओर जा रहा था. सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज झा गस्ती दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे.
108 एंबुलेंस पर नहीं मिला कोई जवाब
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक को अस्पताल पहुंचाया और वहां उसे भर्ती कराया. वहीं इस घटना के बाद एम्बुलेंस के लिये 108 कॉल सेंटर में थाना प्रभारी स्वयं एवं ग्रामीण के अलावा पत्रकार साथी भी फोन लगाते रहे, लेकिन कॉल नहीं उठाया गया. जिससे ग्रामीणों में रोष देखने को मिला. लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को आपातकालीन सेवा मुहैया कराने में असमर्थ है. स्वास्थ्य विभाग पर स्थानीय लोगों ने जमकर गुस्सा निकाला. कहा गया कि स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था के कारण आमजन की जान जा सकती है.
ये भी पढ़ें…
Lohardaga: पेसा नियमावली पर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस, ग्राम सभा के अधिकारों को मजबूत करने पर चर्चा
लोहरदगा के सभी विद्यालयों में विशेष आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू
