कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे 39 (कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग) पर चेटर मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से टीवीएस बाइक सवार 65 वर्षीय एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन लेकर रांची जाने वाले रास्ते में फरार हो गया. इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुर्गी खरीदकर घर लौट रहे थे शेख सज्जन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी गांव निवासी शेख सुधू के 65 वर्षीय पुत्र शेख सज्जन के रूप में हुई है. शेख सज्जन गांव-गांव घूमकर देसी मुर्गियों की खरीद-बिक्री का काम करते थे और इसी व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. मंगलवार सुबह वे मकांदू और आसपास के इलाकों से देसी मुर्गियां खरीदकर अपनी टीवीएस बाइक से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान चेटर मोड़ के पास कुड़ू की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: अवैध कोयला कारोबार पर ईडी की नजर, धनबाद में कई ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद कुड़ू थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस फरार कार चालक और वाहन की पहचान के लिए मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें: रीजनल कमांडर समेत 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 11 हथियार समेत 1562 कारतूस सौंपा
