लोहरदगाः शहर में एक युवा व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या सहित एक ही दिन में तीन आपराधिक घटनाओं के बाद व्यापारी समाज में आक्रोश और भय का माहौल है. व्यापारियों ने मामले में अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
साहू ट्रेडर्स चांदकोपा के सोनू कुमार साहु ने कहा कि लगातार हुई तीन घटनाओं से स्पष्ट है कि अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है. व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. लोहरदगा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी.
केंद्रीय महावीर मंडल के संरक्षक अनुपम प्रकाश कुंवर ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कार्य करता है. लगातार हो रही घटनाओं ने पूरे व्यापारिक समुदाय को झकझोर दिया है. प्रशासन को अपराध और नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. लोहरदगा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संजय बर्मन ने कहा कि जिले में बढ़ता नशे का कारोबार अपराध की बड़ी वजह बनता जा रहा है. जब तक इस पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अपराध पर नियंत्रण मुश्किल है.
सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश मिश्र ने कहा कि व्यापारियों के साथ हो रही घटनाएं पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं. कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की आवश्यकता है. व्यवसायी राजेश कुमार महतो ने कहा कि भय के माहौल में व्यापार करना मुश्किल हो गया है. प्रशासन को भरोसा बहाल करने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने होंगे.
युवा व्यवसायी पंकज महतो ने कहा कि व्यापारी समाज पूरी तरह एकजुट है. दोषियों की गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है. व्यवसायी पंकज जायसवाल ने कहा कि एक दिन में तीन घटनाएं होना पूरे जिले के लिए गंभीर चेतावनी है. बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ायी जानी चाहिए ताकि व्यापारी और आम लोग सुरक्षित महसूस कर सकें.
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार गुप्ता मन्ना ने कहा कि व्यापारियों का विश्वास तभी लौटेगा जब अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलायी जाएगी. सेवा भारती के अध्यक्ष एवं व्यवसायी दीपक सर्राफ ने कहा कि यह समय पूरे व्यापारी समाज के एकजुट रहने का है. प्रशासन को कानून व्यवस्था मजबूत करने, अपराधियों पर अंकुश लगाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए.
