कैरो (लोहरदगा): राजकीय मध्य विद्यालय, कैरो में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नेत्र एवं रक्त जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यालय के करीब 300 छात्र-छात्राओं की आंखों और रक्त की जांच की गई. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जांच के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया.
ये भी पढ़ें- दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का समापन, विजेताओं को BEO ने किया सम्मानित
मोबाइल के अधिक उपयोग से बढ़ रही आंखों की समस्या
शिविर का नेतृत्व कर रहीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रितु कुमारी ने कहा कि बदलती जीवनशैली, मोबाइल फोन के अधिक उपयोग और पोषण की कमी के कारण बच्चों में आंखों से संबंधित समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि बच्चों में आंखों से जुड़ी परेशानी के शुरुआती लक्षणों पर विशेष ध्यान दें. उन्होंने कहा कि कक्षा के दौरान जो बच्चे ब्लैकबोर्ड ठीक से नहीं देख पाते, बार-बार आंखें मलते हैं या आंखों से पानी आने की शिकायत करते हैं, ऐसे बच्चों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाए, ताकि समय रहते उनकी जांच और उपचार कराया जा सके.
ये भी पढ़ें- बिमरला माइंस बंद रहने से ट्रक मालिकों पर आर्थिक संकट, आंदोलन की दी चेतावनी
रक्त जांच कर हीमोग्लोबिन की ली जानकारी
डॉ. दीपनेश्वर चौधरी और डॉ. नेहा तरनुम ने विद्यार्थियों के रक्त की जांच कर उनके हीमोग्लोबिन स्तर की जानकारी ली. चिकित्सकों ने बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पर्याप्त पोषण जरूरी है. शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, आंखों की देखभाल और पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी भी दी गई.
