अवैध बालू कारोबार को लेकर थानेदार और चौकीदार में विवाद, चौकीदार संघ ने की कार्रवाई की मांग
सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार लगातार जारी है,
By VIKASH NATH | Updated at :
सेन्हा-लोहरदगा.
सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार लगातार जारी है, जिससे आपसी रंजिश भी बढ़ती जा रही है. हाल ही में एक विवाद ने तूल पकड़ लिया जब एक चौकीदार और थानेदार के बीच टकराव हो गया. यह मामला एकागुड़ी गांव का है, जहां चौकीदार बुधवा उरांव से जुड़ा विवाद सामने आया है. चौकीदार दफादार पंचायत संघ सेन्हा ने अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि घरेलू कार्य के लिए निजी ट्रैक्टर से बालू लाया जा रहा था. उसी समय तीन अन्य ट्रैक्टर भी बालू लेकर आ रहे थे, लेकिन थानेदार ने केवल चौकीदार की गाड़ी को रोककर अवैध बालू उठाव का आरोप लगाया और उसे थाने ले गये. जब चौकीदार बुधवा उरांव ने थानेदार से बात करने की कोशिश की, तो उसे अपशब्द कहे गये और मुजरिम की तरह गाड़ी में बैठाकर दिनभर थाने में रखा गया. शाम को उसे छोड़ा गया, लेकिन यह घटना पूरे गांव में फैल गयी और चौकीदारों में आक्रोश फैल गया.
शुक्रवार को चौकीदार संघ ने बैठक कर अंचलाधिकारी से न्याय की गुहार लगायी और थानेदार वारिश हुसैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई व निलंबन की मांग की. संघ के प्रखंड अध्यक्ष प्रभुदयाल मिंज, सचिव सुजीत उरांव, कोषाध्यक्ष प्रतिमा देवी सहित कई सदस्य बैठक में शामिल हुए. फिलहाल इस मामले को लेकर अंचलाधिकारी आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं.
अवैध रूप से बालू ढुलाई के विरुद्ध कार्रवाई करना कर्तव्य
सेन्हा थाना प्रभारी वारिश हुसैन ने कहा कि अवैध रूप से बालू ढुलाई के विरुद्ध कार्रवाई करना मेरा कर्तव्य है. चौकीदार हो कर अवैध रूप से बालू ढुलाई कर रहा था. जिस पर कार्रवाई करने के कारण मेरे प्रति खुन्नस निकाल रहा है. मारपीट या गाली गलौज का कोई मामला नहीं है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है