राजेश कुमार की रिपोर्ट
भंडरा (लोहरदगा): प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों और बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का चलन बढ़ गया है. तेज आवाज करने वाले साइलेंसर से निकलने वाले धमाके जैसे शोर से राहगीरों, दुकानदारों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है. वहीं, कई नाबालिगों के तेज रफ्तार में बाइक चलाने और एक ही बाइक पर चार-पांच लोगों के सवार होने की भी शिकायत सामने आ रही है.
कंपनी का साइलेंसर हटाकर लगा रहे मोडिफाइड साइलेंसर
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई युवक कंपनी की ओर से लगे निर्धारित साइलेंसर को हटाकर मोडिफाइड साइलेंसर लगवा रहे हैं. इसके बाद तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए अचानक तेज आवाज करते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन जाता है. रात के समय ऐसी बाइकों की आवाज से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है. कई बाइक चालक साइलेंसर खोलकर भी वाहन चलाते नजर आते हैं.
ये भी पढ़ें- हल्की बारिश में तालाब बन जाती हैं लोहरदगा की सड़कें, जलजमाव से लोग परेशान
बिना नंबर प्लेट के फर्राटा भर रही बाइक
क्षेत्र में कई दोपहिया वाहन बिना नंबर प्लेट के भी सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं. इससे किसी घटना या दुर्घटना के बाद ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो सकता है. लोगों का कहना है कि नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार में बाइक चलाने और एक बाइक पर चार-पांच लोगों के बैठने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है.
विशेष जांच अभियान चलाने की मांग
स्थानीय लोगों ने इसे यातायात नियमों की खुली अनदेखी बताते हुए पुलिस और परिवहन विभाग से मोडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज करने वाले वाहनों और बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों पर कार्रवाई होने से सड़क पर अनुशासन कायम होगा और आम लोगों को अनावश्यक शोर के साथ-साथ दुर्घटना के खतरे से भी राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें- 10 दिन पहले दफन हुआ था युवक, पिटाई की खबर मिलते ही पुलिस ने खुदवाई कब्र, निकाला शव
