उपायुक्त ने शौचालय निर्माण की समीक्षा की, लापरवाही बरतने के मामले में
लोहरदगा : समाहरणालय के सभा कक्ष में डीसी विनोद कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत अभियान की बैठक हुई. इस दौरान उपायुक्त ने विस्तार से शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा की. उपायुक्त ने पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता रेयाज आलम को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. कुड़ू बीडीओ ने जानकारी दी कि उनके प्रखंड के बड़मारा में शौचालय निर्माण की राशि निकालने के बावजूद शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है.
इस वजह से पंचायत को खुले में शौचमुक्त घोषित नहीं किया जा रहा है. इसके लिए पेयजल स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता सचिद्र मोहन झा को जिम्मेवार बताया गया हैं. उपायुक्त ने शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने के आरोप में पीएचइडी के जेई सचिंद्र मोहन झा को सस्पेंड करने एवं उनके विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया. ज्उपायुक्त ने कहा कि खुले में शौचमुक्त जिला बनाने में सभी लोगों को भागीदारी देनी होगी.
उपायुक्त ने एमआइएस एवं फोटो अपलोडिंग कार्य की प्रगति पर असंतोष जाहिर कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. शौचालय नहीं बनाये जाने वाले घरों के बारे में जानकारी देने, जरूरतमंद व्यक्ति का नाम सूची में शामिल करने, शौचालय निर्माण कार्य में परिवर्तन दल के लोगों को भी शामिल करने की बात कही गयी. राज्य साधन सेवी अरूण राम ने प्रस्ताव दिया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बाल संसद के बच्चों द्वारा लिखे गये स्वच्छता से संबंधित आलेख, पेंटिंग इत्यादि को पत्रिका में स्थान देकर प्रोत्साहित करना चाहिए. मौके पर मौजूद राजकीय मवि के प्रभारी प्रधानाध्यापक किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि परिवर्तन दल के लोगों को प्रशिक्षित करने की जरूरत है.
आंगनबाड़ी केंद्रों में हाथ धोने के लिए बाल्टी उपलब्ध कराने तथा मुखियाओं को अपने पंचायतों के विद्यालयों को गोद लेने की भी बात कही गयी. उपायुक्त ने मॉर्निंग फॉलो अप में डीइओ, डीएसई को शामिल होने एवं विद्यार्थियों को भी शामिल करने और पेशरार प्रखंड में नियमित बैठक करने का निर्देश दिया गया. मौके पर डीडीसी दानियल कंडुलना, अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा, एसडीओ राज महेश्वरम, कार्यपालक अभियंता रेयाज आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी उर्मिला कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रेणुका तिग्गा, सभी अंचलों के सीओ, बीडीओ, पेयजल स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता,कनीय अभियंता व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
लोहरदगा. समाहरणालय के सभाकक्ष में डीसी विनोद कुमार ने मनरेगा द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से संचालित योजनाओं की जानकारी लेने के पश्चात श्री कुमार ने पूर्ण योजनाओ का अभिलेख बंद करने,अपूर्ण योजनाओं के काम में तेजी लाने निर्देश दिया. कहा कि मनरेगा योजना में लापरवाही करने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जायेगा.
सभी रोजगार सेवकों को सात दिनों के अंदर प्रगति रिर्पोट देने का निर्देश देते हुए कहा कि रिर्पोट समयानुसार दे अन्यथा कार्रवाई होगी. कुड़ू बीपीओ से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है. लोहरदगा बीपीओ मनोज कुमार को हटाने तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को प्रत्येक दिन स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया.
