सेन्हा़ प्रखंड के मुर्की तोड़ार पंचायत अंतर्गत बाजार डांडू में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ. परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और मनुष्य में देवत्व का उदय, धरती पर स्वर्ग का अवतरण के संकल्प के साथ यह अनुष्ठान किया गया. सद्मार्ग पर चलने की दी प्रेरणा : यज्ञ के दौरान प्रखंड संयोजक विजय सोनी सहित सुमित्रा देवी, उषा देवी और रंजीता देवी ने मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां डालीं. गायत्री परिवार के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को बुराइयां त्यागकर सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी. भक्ति गीतों के माध्यम से गुरुदेव के संदेशों को साझा करते हुए बताया गया कि गायत्री माता और यज्ञ पिता के समान हैं, जो संपूर्ण सृष्टि का पालन-पोषण करते हैं. यज्ञ के माध्यम से विश्व शांति और पर्यावरण संवर्धन का संदेश भी प्रसारित किया गया. युवाओं को नशामुक्ति से जोड़ने का अभियान : संयोजक विजय सोनी ने बताया कि घर-घर तक सात्विक विचारों को पहुंचाने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज की युवा शक्ति नशे की गिरफ्त में फंसकर बर्बाद हो रही है. गायत्री परिवार उन्हें इस दलदल से निकाल कर मुख्यधारा से जोड़ने का सतत प्रयास कर रहा है. साथ ही लोगों को पौधरोपण और अपनी संस्कृति को बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. महायज्ञ के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया. मौके पर सूर्य भूषण मिश्रा, रामदेव नायक, योगेंद्र मिश्रा, सीता देवी, तारा देवी सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.
गायत्री महायज्ञ से मनुष्य में देवत्व जगाने का लिया संकल्प
गायत्री महायज्ञ से मनुष्य में देवत्व जगाने का लिया संकल्प
