लोहरदगा : समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त विनोद कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाये जा रहे शौचालय निर्माण की समीक्षा की. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि शौचालय बनाने के लिए दिये गये लक्ष्य को 30 मार्च से पहले पूरा करें. सभी प्रखंडों में शौचालय बनाने का कार्य तेजी से होना चाहिए. इसके लिये बीडीओ एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय-समय पर गांव जाकर लाभुक द्वारा बनाये जा रहे शौचालय के प्रगति कार्य की जानकारी लेनी होगी. शौचालय बनाने में किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो तत्काल उसका समाधान होना चाहिए. उपायुक्त ने कहा कि शौचालय निर्माण जिले के विकास योजनाओं की प्राथमिकताओं में से एक है. सभी पदाधिकारी लक्ष्य बना कर कार्य करें. लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मन लगा कर कार्य करना होगा.
शौचालय बनाने के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जायेगी. डीसी ने पूर्व में पूर्ण किये गये शौचालय कार्य की जानकारी बीडीओ एवं सीओ से ली. इसके उपरांत पूर्ण शौचालय का सत्यापन करा कर शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि एक से 10 अप्रैल तक जिला के सभी प्रखंडों में डिजिटल इंडिया कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा. बैठक में पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता रेयाज आलम, सहायक अभियंता गोविंद कच्छप, सभी प्रखंडों के बीडीओ, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
शौचालय के मॉडल का प्रदर्शन किया : बैठक के दौरान जेएमएसइएम विद्यालय के कक्षा दो के विद्यार्थी आदित्य उरांव द्वारा बनाये गये शौचालय के मॉडल का प्रदर्शन किया गया. इसकी लोगों ने सराहना की. उपायुक्त ने आदित्य उरांव को उपहार देकर सम्मानित किया.
