लोहरदगा : नवा बिहान जिला साक्षरता समिति द्वारा 19 मार्च को साक्षरता आकलन जांच परीक्षा का आयोजन किया गया है. लोहरदगा जिला में कुल 18 हजार नवसाक्षर तथा ड्रॉप आउट इस परीक्षा में शामिल होंगे़ इसमें लोहरदगा प्रखंड से 3600, भंडरा प्रखंड से 3600, किस्को प्रखंड से 3600, कुडू प्रखंड से 3600 तथा सेन्हा प्रखंड से 3600 लोग शामिल होंगे. पूरे जिले में इस परीक्षा के लिए 99 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इसमें कुडू में 17, सेन्हा 17, लोहरदगा 25, भंडरा 11 तथा किस्को में 29 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. पंजीयन का कार्य पूरा कर लिया गया है.
ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. ज्ञात हो कि साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवर्ष दो बार इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है. इसका उदेश्य नवसाक्षरों का आत्मविश्वास बढ़ाना है. परीक्षा में पास होने वालों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान द्वारा ग्रेड प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है.
