लोहरदगा : समाहरणालय में डीसी विनोद कुमार ने जनता दरबार का आयोजन किया. जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे. उपायुक्त ने सभी लोगों की बातों को गंभीरता पूर्वक सुना और कई समस्याओं का समाधान मौके पर किया. उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और समस्याओं का निदान त्वरित गति से करें. जनता किसी भी परिस्थिति में परेशान न हो. अधिकारी संवेदनशील होकर काम करें, ताकि जनता का विश्वास बढ़े.
उपायुक्त ने कहा कि जिला मुख्यालय के अलावा प्रखंड मुख्यालयों में भी जनता दरबार लगा कर लोगों की समस्याएं सुनी जायेंगी. जनता दरबार में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय से संबंधित तीन शिकायत, सिविल सर्जन कार्यालय से एक, बीडीओ सेन्हा एक, सीओ सेन्हा एक, सामाजिक सुरक्षा एक, सहकारिता विभाग एक, सामान्य शाखा एक, डीडीसी कार्यालय से एक, अपर समाहर्ता कार्यालय से दो, कल्याण विभाग से एक, जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से एक, कौशल विकास पदाधिकारी से एक, अनुमंडल कार्यालय से संबंधित एक शिकायत उपायुक्त को प्राप्त हुई. उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश के साथ संबंधित विभाग को भेज दिया. जनता दरबार में अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा, डीटीओ राजीव कुमार भी मौजूद थे.
