समाज के उत्थान पर दिया गया बल
लोगों से एकजुट होने का आह्वान
लोहरदगा : रविदास विकास मंच की अगुवाई में शहरी क्षेत्र के नवाड़ीपाड़ा में सामुदायिक भवन का शिलान्यास शुक्रवार को किया गया. मुख्य अतिथि विधायक सुखदेव भगत, विशिष्ट अतिथि 20 सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजमोहन राम, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण राम ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया. मौके पर विधायक श्री भगत ने कहा कि जब तक हमारा समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक हमारा उत्थान नहीं होगा.
इसके लिए हमें सामाजिक कुरीतियों को त्याग करना होगा और अपने अधिकारों के लिए सजग रहना होगा. विकास के लिए शिक्षित होना जरूरी है. मैंने विधायक निधि से रविदास समाज के लोगों के लिए सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा की थी, जो अब पूरा कर रहा हूं. 20 सूत्री के जिला उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि नवाड़ी पाड़ा में भवन बनने से आसपास के गरीब व कमजोर लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. भाजपा के जिलाध्यक्ष राजमोहन राम ने कहा कि आज भी हमारा समाज आजादी के 70 साल बाद भी पिछड़ा हुआ है. शिक्षा का दर कम है. बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. इसके कारणों को जनना होगा और उसे दूर करना होगा. रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण राम ने कहा कि रविदास समाज के लोग आर्थिक रूप से भले कमजोर हैं, परंतु इस समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है. हमें अपने अधिकार के लिए संगठित व शिक्षित होना होगा.
स्वागत भाषण रामचरण राम एवं अध्यक्षीय भाषण सह धन्यवाद ज्ञापन चुन्नी राम ने किया. संचालन रितेश राम ने किया. मौके पर वार्ड पार्षद ओमपाल उरांव, 20 सूत्री सदस्य राजकुमार वर्मा, आलोक साहू, रघुवीर राम, संतन राम, हरि राम, सुरेंद्र उरांव, राजीव रंजन, संदीप नायक, भीम राम, रामप्रताप राम, अरुण राम, मनोज राम, बालकृष्ण राम, दिनेश राम, राहुल राम व रितेश राम सहित समाज के कई लोग उपस्थित थे.
