17 साल का इंतजार खत्म
ग्रामीणो मे खुशी की लहर
कुड़ू : लोहरदगा जिला के लोगों की 17 साल पुरानी मांग पूरी होने जा रही है. लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर नौ मार्च से यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू हो जायेगा. दक्षिण-पूर्व रेलवे रांची मंडल के रेलवे सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार के मुख्य रेलवे सुरक्षा आयुक्त सुदर्शन नायक ने जांच के बाद रेल चलाने के लिए हरी झंडी दे दी थी. इसके बाद रेल परिचालन शुरू कराने की दिशा में पहल शुरू हो गयी थी. लोहरदगा से टोरी तक करीब 22 किमी रेलवे लाइन में काम वर्ष 2000 में शुरू किया गया था.
काम शुरू होते ही उग्रवादियों एवं अपराधियों ने लेवी व कमीशन के लिए निशाना बनाना शुरू कर दिया था. वर्ष 2000 में शुरू हुए लोहरदगा-टोरी रेल लाइन को पांच साल में पूरा करते हुए वर्ष 2006 से रेल परिचालन शुरू करना था, लेकिन उग्रवादी एवं आपराधिक घटना के कारण रेलवे मंत्रालय को तीन बार समय में बढ़ोत्तरी करना पड़ी. लोहरदगा पुलिस ने दो जगहों पर अस्थायी पुलिस पिकेट बनाते हुए काम को पूरी सुरक्षा दी, तब जाकर काम पूरा हो पाया. इस लाइन में रेलवे पुलिया 33 एवं रेलवे पुलिया 27 राज्य में सबसे लंबी एवं सबसे ऊंची पुलिया है.
रेलवे सूत्रों ने बताया कि नौ मार्च से लोहरदगा से टोरी तक यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू होगा. दिन के 11:15 मिनट पर यात्री ट्रेन बड़की चांपी पहुंचेगी. पांच मिनट के बाद टोरी के लिए प्रस्थान कर जायेगी. इसके बाद टोरी से एक बजे खुलेगी .
रेलवे मंत्रालय ने की निगरानी :लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर रेल मंत्रालय भारत सरकार खुद निगरानी कर रहा था. रांची रेल मंडल के अधिकारी लगातार इस लाइन का जायजा ले रहे थे.
रेलवे के जीएम एसएन अग्रवाल ने लोहरदगा-टोरी रेल लाइन को पूरा कराने का संकल्प लिया था और उसे पूरा कर दिया. गत फरवरी माह मे रेलवे के अधिकारियों का तूफानी दौरा हुआ. आठ फरवरी को रेलवे के सीइओ वेद पाल समेत कई तकनीकी, दूरसंचार व इलेक्ट्रॉनिक अभियंता की टीम ने दौरा किया था. नौ फरवरी को रांची रेल मंडल के जीएम एसएन अग्रवाल व डीआरएम एसके अग्रवाल ने निरीक्षण किया. 20 फरवरी को रेलवे सुरक्षा आयुक्त सुदर्शन नायक ने दौरा किया.
दिल्ली की दूरी घटेगी, सात घंटे का समय बचेगा
लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर रांची से लोहरदगा होते हुए दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों के लिए सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शुरू होने मे थोड़ा समय लगेगा. विद्युतीकरण के बाद इस लाइन रांची से दिल्ली की ट्रेनें दौड़ने लगेगी. इससे रांची से दिल्ली की दूरी करीब 104 किमी कम हो जायेगी, जबकि लगभग सात घंटे का समय बचेगा.
रांची से फिलहाल दिल्ली जाने के लिए दो रूट है. इसमें रांची से मुरी, बरकाकाना होते हुए गोमो होकर एवं दूसरी रांची से मुरी होते हुए टोरी, बरवाडीह होकर जाती है. लोहरदगा-टोरी रेल लाइन से दिल्ली की ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से लोहरदगा, गुमला जिला के व्यवसायियों को काफी लाभ होगा. इसके अलावा दोनों जिलों के ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं को सुविधा होगी.
