मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों की समीक्षा की

शहीद अजय कुमार सिंह को दी श्रद्धांजलि मुख्य सचिव ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं लोहरदगा : लोहरदगा जिला के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र पेशरार पहुंची मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने शहीद अजय कुमार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पेशरार एक्शन प्लान के तहत चलायी जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा की. […]

शहीद अजय कुमार सिंह को दी श्रद्धांजलि
मुख्य सचिव ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं
लोहरदगा : लोहरदगा जिला के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र पेशरार पहुंची मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने शहीद अजय कुमार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पेशरार एक्शन प्लान के तहत चलायी जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा की. मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस प्रशासन की मदद से पेशरार को लगभग उग्रवाद मुक्त कर लिया गया है. अब क्षेत्र के विकास के लिए प्रशासन की जिम्मेवारी है कि विकास कार्यों को तेजी से गति दे.
उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी प्रशासनिक टीम को युद्ध स्तर पर काम करने की आवश्यकता है, ताकि पेशरार का सर्वांगीण विकास हो सके. पुलिस महानिदेशक डीके पांडेय ने पदाधिकारियों, कर्मचारियों, संवेदकों एवं आम लोगों को आश्वस्त किया कि अब इस क्षेत्र में किसी तरह का भय नहीं है. सभी लोग टीम बना कर पेशरार के विकास में काम करें. समीक्षा के क्रम में मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने निर्माणाधीन प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर कार्य को गति देने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यपालक अभियंता को 15 से 20 दिनों के अंदर पक्का हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया. इसके लिए उपायुक्त को जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया. मौके पर मुख्य सचिव को बताया गया कि पेशरार, चैनपुर, केकार, बुलबुल रोड, शाही, घाट पेशरार की सड़क का डीपीआर तैयार कर लिया गया है. इस पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि पेशरार की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सोशल स्टेबलाइनिंग टेक्नोलॉजी के तहत डीपीआर तैयार किया जाये, ताकि मजबूत और टिकाऊ सड़क बनें. जिला योजना पदाधिकारी ने बताया कि लातेहार से लावापानी होकर पेशरार जाने वाली सड़क का भी डीपीआर तैयार हो चुका है. इस सड़क के बनने से लातेहार से पेशरार की दूरी काफी कम हो जायेगी.
पेशरार में शिक्षा की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि पेशरार में कैंप करें और अपनी टीम को एक-एक घर भेजें और देखें कि गांव का कोई बच्चा स्कूल जाने से तो नहीं छूट रहा है. उन्होंने कहा कि बीच में कोई पढ़ाई छोड़ रहा है इसकी भी जांच करें. उन्होंने डीएसइ को विद्यालय प्रबंधन समिति एवं मुखिया के साथ बैठक कर बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का निर्देश भी दिया. मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने बीडीओ पेशरार को पेशरार में ही रह कर काम करने का निर्देश दिया. प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नहीं बनने तक आइबी में एक सप्ताह के अंदर किस्को में चल रहे पेशरार प्रखंड कार्यालय के सभी सामान को स्थापित कर पेशरार में काम शुरू करने का निर्देश दिया.
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत सखी मंडल एवं बागवानी मित्र को मिल कर स्थानीय स्तर पर पपीता, सहजन, कटहल व मशाला आदि का व्यापक स्तर पर काम शुरू करने का आदेश दिया, ताकि महिलाओं की आमदनी बढ़ सके. मनरेगा की समीक्षा के क्रम में डोभा निर्माण का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कौशल विकास के तहत चल रही कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. स्वयं मुख्य सचिव पेशरार की महिलाओं की समस्याओं को सुना. महिलाएं निर्भीक होकर अपनी समस्याएं मुख्य सचिव के समक्ष रखी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >