शौचालय निर्माण एवं व्यवहार परिवर्तन पर कार्यशाला
लोहरदगा : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण एवं व्यवहार परिवर्तन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किस्को प्रखंड में किया गया. कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि डीडीसी दानियल कंडुलना उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि आजादी के इतने दिनों बाद भी खुले में शौच जाना काफी शर्म की बात है. खुले में शौच जाने से अनेक प्रकार की बीमारियां होती हैं.
अपने घर, अपने गांव, अपनी पंचायत, अपने प्रखंड एवं अपने जिला को यदि आगे बढ़ाना है, तो इसकी पहल आपको अपने घर से करनी होगी. घर में शौचालय का निर्माण करायें. स्वच्छता में ईश्वर का वास होता है. उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का भाव पैदा करें. उन्होंने नवा बिहान प्रखंड साक्षरता कर्मियों का आह्वान किया कि आपलोग निरक्षरों को साक्षर करने का काम कर रहे हैं, लेकिन लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक करें. मौके पर बीडीओ सुरेंद्र उरांव ने शौचालय निर्माण पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि मार्च में किस्को प्रखंड खुले में शौचमुक्त हो जायेगा.
मौके पर कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया. इस अवसर पर आइटीडीए डायरेक्टर रवींद्र कुमार सिंह, डीएसइ रेणुका तिग्गा, सीओ विशालदीप खलखो, प्रमुख सरिता देवी, बीससूत्री अध्यक्ष अरविंद पाठक, उपप्रमुख अशफाक अंसारी, मुखिया सुखमनी लकड़ा, मंगरी असुर, चांदमनी उरांव, सुमित्रा लकड़ा, यूनिसेफ के अरविंद कुमार, प्रखंड के बड़ा बाबू सुरेश ठाकुर, महेश चौहान, सचिन कुमार, जेइ सुमन राज खलखो सहित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के लोग, नवा बिहान प्रखंड साक्षरता समिति के लोग, शिक्षक, शिक्षिकाएं सहित अन्य मौजूद थे.
