किस्को : किस्को थाना क्षेत्र के पाखर रिचुघुटा मुख्य पथ डहरबाटी माकोघाट के समीप एक ट्रक गहरी खाई में गिर गयी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि आठ लोग घायल हो गये.
घटना बुधवार की रात करीब आठ बजे की है. बताया जा रहा है कि पाखर माइंस से रिचुघुटा चलने वाला ट्रक (जेएच07एफ- 6162) रिचुघुटा से बाॅक्साइट अनलोड कर डहरबाटी जा रहा था. डहरबाटी माकोघाट के समीप सड़क संकीर्ण होने के कारण चालक ने ट्रक पर से संतुलन खो दिया और ट्रक गहरी खाई में जा गिरा. इस घटना में डहरबाटी बड़कापाठ निवासी मोहन नगेसिया के 22 वर्षीय पुत्र संजीत नगेसिया की मौत हो गयी.
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग एवं परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला. घायलों को डहरबाटी ले जाया गया. लोगों ने बताया कि संजीत नगेसिया का शव रात भर पत्थर के बीच दबा रहा. सुबह प्रखंड उपप्रमुख अशफाक अंसारी एवं अन्य लोग घटना स्थल पर पहुंचे. इसके बाद शव को निकाला गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इधर, मृतक की मां अकली नगेसिया का रो-रोकर बुरा हाल है. लोगों ने मृतक के परिजनों को तीन लाख मुआवजा तथा घायलों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की मांग की.
