लोहरदगा : पुलिस की सक्रियता से हत्या के छह आरोपियों को पुलिस ने 15 दिनों के भीतर अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर किया है. एसपी कार्तिक एस ने अपने आवासीय कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के बिढ़नी गांव में 20 अगस्त की रात को अपराधियों ने 65 वर्षीय रामसागर लोहरा की हत्या कर दी थी.
इस संबंध में सेरेंगदाग थाना में मामला दर्ज किया गया था. हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने डीएसपी आशीष महली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया.
टीस्में शामिल पुलिस अधिकारी व जवानों ने तत्परता दिखाते हुए हत्या में शामिल छह आरोपियों को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. गिरफ्तार लोगों में परमेश्वर लोहरा (पिता सोमनाथ लोहरा), अनुज खेरवार (पिता भुखन खेरवार), जीतवहन लोहरा (पिता खेदवा लोहरा) तीनों बिढ़नी गांव निवासी तथा गुमला जिला के समसेरा गांव निवासी सुदामा लोहरा (पिता मोहन लोहरा), चंदन महली (पिता सरजू महली) के अलावा एक नाबालिग शामिल है.
एसपी के अनुसार, टांगी से मार कर वृद्ध की हत्या की गयी थी. हत्या में प्रयुक्त टांगी को अब तक बरामद नहीं किया सका है. छापामारी दल में बीएसपी आशीष महली के अलावा सेरेंगदाग प्रभारी भूषण कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अवर निरीक्षक अशोक पासवान तथा सेरेंगदाग थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. संवाददाता सम्मेलन में डीएसपी आशीष कुमार महली, एसडीपीओ अरविंद कुमार वर्मा भी मौजूद थे.
