ढोल व नगाड़ा के साथ निकाली गयी मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा
लोहरदगा : अधर्म पर धर्म व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. ढोल व नगाड़ा के साथ मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इससे पूर्व महिलाओं ने मां दुर्गा समेत तीनों देवियों को सिंदूर दान किया व सिंदूर लगा कर एक-दूसरे को दशहरा की शुभकामना दी.
इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी दशहरा का पर्व हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया. इस दौरान कई पूजा पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत भक्ति संगीत व जागरण का आयोजन किया गया. शहर के बक्सीडीपा में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक सुखदेव भगत उपस्थित थे. रावण दहन कार्यक्रम के सपामन के बाद पंडाल, लाइट, विधि-व्यवस्था में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले पंडालों को पुरस्कृत किया गया. विधायक सुखदेव भगत ने कहा कि दशहरा का पर्व असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है. हमें सत्य पर अडिग रह कर ही कार्य करने चाहिए.
इधर, पंडाल निर्माण में प्रथम नवयुवक संघ दुर्गापूजा समिति बरवाटोली, द्वितीय दुर्गापूजा समिति हटिया गार्डेन व तृतीय जय मां तारिणी बक्सीडीपा, विद्युत सज्जा में प्रथम दुर्गापूजा समिति पावरगंज विद्यालय, द्वितीय जय मां अंबे दुर्गापूजा समिति ब्लॉक मोड़ व तृतीय जय मां अंबे पूजा समिति रेलवे क्रॉसिंग, विधि-व्यवस्था में दुर्गापूजा समिति पावरगंज विद्यालय को पुरस्कृत किया गया. इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में निर्मित पंडालों को भी पुरस्कृत किया गया. इसमें प्रथम जय मां दुर्गापूजा समिति बरहीडीपा, द्वितीय नवयुवक संघ भंडरा व तृतीय स्थान पर रहे कुडू ब्लॉक मोड़ को पुरस्कृत किया गया.
मूर्ति चालन में बरहीडीपा व शहरी क्षेत्र के तिवारी दुरा पूजा समिति को पुरस्कृत किया गया. मौके पर नप अध्यक्ष अनुपमा भगत, केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के आजीवन संरक्षक सीताराम शर्मा, केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष सुमित कुमार राय, महामंत्री अभिषेक कुमार किसलय, दीपक कुमार प्रजापति, मृणाल सिंह, अभिनव सिद्धार्थ, मनीष शिखर, सजल कुमार, गौरव कुमार, नरेन राज, बबलू जायसवाल, बबलू राय, सुबोध राज, भाजपा नेता विंदेश्वर उरांव आदि उपस्थित थे.
