कुड़ू : घर में जबरन घुसकर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म तथा छेड़खानी करनेवाले आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया. सोमवार को आरोपी को लोहरदगा जेल भेज दिया गया. साथ ही नाबालिग का मेडिकल जांच कराया जा रहा है. थाना को दिये लिखित बयान में नाबालिग की मां ने कहा है कि रविवार को सभी लोग खाना खाकर सो गये.
मेरी पुत्री अलग कमरे में सोयी हुई थी. इसी बीच रात लगभग 11 बजे थाना क्षेत्र के ननतिलो गांव निवासी नितेश कुजूर खिड़की के तरफ से प्रवेश कर गया और नाबालिग को डरा-धमका कर जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा. रात में किसी प्रकार लड़की कमरे से बाहर निकली तथा आरोपी को कमरे में बंद कर दिया.
सुबह मामले की जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद ग्रामीण वहां पहुंचे तथा कमरे में बंद आरोपी को पकड़ कर कुड़ू पुलिस को सौंप दिया. थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि दुष्कर्म तथा छेड़खानी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लोहरदगा जेल भेज दिया गया है. वहीं नाबालिग का मेडिकल कराया जा रहा है.
