लोहरदगा : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री सुदर्शन भगत का जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में अभिनंदन किया गया. राज्य मंत्री को परिसदन भवन में आलाधिकारियों ने स्वागत किया. परिसदन भवन में डीसी परमजीत कौर एवं एसपी मृत्युंजय कुमार सहित आला अधिकारियों के साथ बैठक की.
बैठक में जिले के विकास की जानकारी लेने के बाद विकास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. इसके बाद राज्य मंत्री मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला महाविद्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में भाग लिया, जहां महाविद्यालय परिवार तथा छात्राओं द्वारा उनका स्वागत किया गया. कॉलेज की प्राचार्या शमीमा खातून ने महाविद्यालय के समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा एवं मंत्री से जिले के एक मात्र महिला महाविद्यालय की समस्याओं के निदान की मांग की. बताया कि महाविद्यालय को कला और विज्ञान में इंटर स्तर पर स्थायी वित्त रहित प्रस्वीकृति प्राप्त है.
पिछले 6-7 वषों से अल्प अनुदान मिल रहा है, फिर भी महिला शिक्षा का अलख भविष्य की आस में जगाये हुए हैं. 1995 ई तक स्नातक स्तर की अस्थायी संबद्धता थी परंतु सरकारी नीति के कारण नामांकन में रोक लगा दिया. जिससे छात्राओं को कठिनाई हो रही है.
महाविद्यालय को विशेष परिस्थिति में स्नातक स्तर पर प्रतिष्ठा सहित संबद्धता दिलाने, सरकारी करण कराने, विज्ञान भवन एवं प्रयोगशाला में उपस्कर उपलब्ध कराने की मांग की गयी. राज्यमंत्री ने महाविद्यालय के विकास के लिए संबंधित विभाग से बात कर समस्या का निदान करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सांसद मद से एक समस्या का निदान किया जायेगा.
छात्रावास से संबंधित समस्या का निदान कल्याण विभाग द्वारा कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा बड़ी चुनौती है. विद्यालयों में नामांकन की समस्या के लिए कुलपति से बात कर समस्या का निदान किया जायेगा. महाविद्यालय में विद्यालय परिवार से मिलने के बाद राज्य मंत्री सुदर्शन भगत सरस्वती विद्यामंदिर में भाजपाइयों द्वारा अभिनंदन समारोह में भाग लेने हेतु विद्यालय पहुंचे. जहां वे भाजपाइयों से मिले एवं आभार प्रकट किया.
