लोहरदगा : जिले में बिजली की स्थिति में सुधार नहीं हो पा रही है. लोग परेशान हैं. जिले को फुल लोड बिजली मिल रही है, लेकिन उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है. इस मुद्दे पर लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
समाज सेवी सह व्याख्याता प्रो. कुदुश कुरैशी का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार बहुत जरूरी है. जनता परेशान है, लेकिन अधिकारी मस्त हैं. यहां के जजर्र तारों को बदलना होगा और व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास करने की जरूरत है.
कांग्रेसी नेता आलोक साहू का कहना है कि जजर्र बिजली के तार एवं पावर सब स्टेशन में दस एमवीए का ट्रांसफारमर लगाने से व्यवस्था में सुधार हो सकती है. थाना टोली निवासी अब्दुल जबार का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण पूरा जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आखिर अधिकारी क्या कर रहे हैं, ये समझ से परे है. लोहरदगा जिला में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं हुई थी.
आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष इस्लाम अंसारी का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण लोग पानी के लिए भी परेशान हैं. यहां की बिजली विभाग के अधिकारी निरंकुश हो गये हैं. इस व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन करना होगा.
सामाजिक कार्यकर्ता सह शिक्षक नेता किशोर कुमार वर्मा का कहना है कि बिजली की ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं हुई थी. 24 घंटे में मात्र चार घंटे बिजली लोगों को मिल रही है. सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता किस हाल में जी रही है.
शिक्षाविद मदन मोहन पांडेय का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी जनता की समस्याओं से दूर भाग रहे हैं. यहां के नेता और अफसर चाहते तो यहां भी बिजली की स्थिति बेहतर होती, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. बिजली की समस्या दिनानुदिन गहराती जा रही है.
डिवाइन स्पार्क पब्लिक स्कूल के बीके बालाजीनप्पा का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण हर तरह की परेशानी उत्पन्न हो रही है. गर्मी के कारण ऐसे ही लोग परेशान हैं.
