विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जीवोदया में हुआ कार्यक्रम, मानसिक मरीजों को दवा से अधिक प्यार की जरूरत
कोडरमा बाजार: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रोटरी क्लब ऑफ कोडरमा व इनरह्वील क्लब ऑफ कोडरमा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर होली फैमिली स्थित जीवोदया संस्थान में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया. शिविर में मुख्य अतिथि प्राधिकार के सचिव सूर्यमणि त्रिपाठी ने कहा कि मानसिक मरीजों को दवा से अधिक […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
कोडरमा बाजार: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रोटरी क्लब ऑफ कोडरमा व इनरह्वील क्लब ऑफ कोडरमा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर होली फैमिली स्थित जीवोदया संस्थान में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया. शिविर में मुख्य अतिथि प्राधिकार के सचिव सूर्यमणि त्रिपाठी ने कहा कि मानसिक मरीजों को दवा से अधिक प्यार की जरूरत है.
कहा कि मानसिक मरीजों समेत समाज के किसी भी पीड़ित व्यक्ति को मदद करने के प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकार कृत संकल्पित है. कोई भी व्यक्ति पैसे या साधन के अभाव में न्याय से वंचित नहीं रह सकता. रोटरी क्लब की अध्यक्ष संगीता शर्मा ने कहा कि हमें एक दिन नहीं, बल्कि हमेशा जीवोदया आकर मानसिक मरीजों से प्रेम बांटने की जरूरत है.
इससे उन्हें अधिक खुशी मिलती है. इनरह्वील क्लब की अध्यक्ष ज्योति झा ने कहा कि मानसिक दिव्यांगों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने का प्रयास हम सभी को करना चाहिए. अधिवक्ता रोटेरियन जयप्रकाश नारायण ने मानसिक मरीजों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी.
समाजसेवी सुरेश जैन ने कहा कि हमें मानसिक मरीजों से नफरत नहीं, प्रेम करने का संकल्प लेना चाहिए. रोटरी आई अस्पताल के चेयरमैन महेश दारूका ने जीवोदया के मानसिक रोगियों को आंख से संबंधित किसी प्रकार का इलाज अपने अस्पताल में नि:शुल्क कराने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम को लायंस क्लब के अध्यक्ष सुजीत कुमार अंबष्ठ समेत की लोगों ने संबोधित किया. जीवोदया की सिस्टर सलोनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जीवोदया को सहयोग करने के लिए सभी संस्थाओं व प्राधिकार की प्रशंसा की. कार्यक्रम के पूर्व जीवोदया के मानसिक दिव्यांगों ने स्वागत गान ‘शुभकामना शुभकामना, आपको शुभकामना’ प्रस्तुत किया.
संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने व धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन अजय अग्रवाल ने किया. मौके पर जैन समाज की ओर से 11,000 रुपये, प्राधिकार के सचिव सूर्यमणि त्रिपाठी द्वारा 1100 रुपये, सुरेश जैन की ओर से 1100 रुपये व इनरह्वील क्लब व सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से मच्छरदानी, चप्पल व खाद्य सामग्री का वितरण किया गया. मौके पर रोटेरियन अमित कुमार, डॉ सुजीत कुमार राज, रजनी कंदवे, जयकुमार गंगवाल, अनीता सेठ, रीतू सेठ, नंदिता लोहानी, पिंकी खेतान, प्रीति सहाय, कविता दारूका, मुक्ता बरहपुरिया, अमरजीत छाबड़ा, आशा गुप्ता, गजेंद्र राम, नम्रता लोहानी, जयकुमार जैन, सिस्टर लुट्स मेरी, सिस्टर मेरी जोस, लीला जोस, सिस्टर विनीता, ज्योति, एलिजावेथ, फिल्बी, एनाइज, न्यायालय कर्मी महेंद्र नारायण, संतोष कुमार सिंह, पीएलवी छोटे लाल यादव, नकुल कुमार सिन्हा, राजीव कुमार मौजूद थे. इधर, लायंस क्लब ने भी खाद्य सामग्री व वस्त्र का वितरण किया. अध्यक्ष सुजीत अंबष्ठ ने बताया कि फिलहाल जीवोदया में रह रही 40 महिलाओं के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया. 14 अक्तूबर को बिरहोर बच्चों के बीच वर्ल्ड विजिन डे पर विटामिन ए की गोलियां वितरित की जायेगी, जबकि वर्ल्ड हैंड वाश डे पर 15 अक्तूबर को बिरहोर बच्चों के बीच साबुन का वितरण कर उन्हें सफाई के प्रति जागरूक किया जायेगा. मौके पर सचिव डॉ सुजीत कुमार राज, सदस्य समरेंद्र नारायण सिन्हा, गजेंद्र राम उपस्थित थे.
फल व कपड़ों का वितरण आज
झुमरीतिलैया निवासी समाजसेवी सह समता पार्टी के पूर्व नेता रवींद्र प्रसाद की तीसरी पुण्यतिथि पर उनके परिजनों द्वारा होली फैैमिली अस्पताल द्वारा संचालित जीवोदया आश्रम में रहनेवाले मानसिक मरीजों के बीच 11 अक्तूबर को फल व कपड़े का वितरण किया जायेगा. स्व प्रसाद के पुत्र शैलेश कुमार शोलू ने बताया कि पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष कार्यक्रम किया जाता है.