लातेहार: थाना क्षेत्र के बोदा पंचायत अंतर्गत लुकुईयां गांव में गुरुवार की दोपहर हादसे में बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान राजमणि देवी (53 वर्ष), पति सरजू उरांव, (लुकुईया, चंदवा) के रूप में की गयी है.
जानकारी के अनुसार राजमणि देवी अपने खेत में पटवन (सिंचाई) के लिए गयी थीं. इसी दौरान खेत में पटवन के लिए लगाये गये मोटर के वायर से करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गयीं. करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं. तत्काल आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया. यहां डॉ. कंचन बाड़ा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गयी थी. पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी थी.
