लातेहार में फार्म-7 को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, 140 मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटाने का दबाव देने का आरोप

लातेहार के धनकारा पंचायत में एसआईआर के तहत फार्म-7 भरवाने के दबाव को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। बीएलओ पर नाम हटाने का दबाव बनाने का आरोप है।

लातेहार : सदर प्रखंड की धनकारा पंचायत के धनकारा मुस्लिम टोला में एसआईआर के तहत फार्म-7 भरकर जमा कराने के दबाव को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. बीएलओ रूवाना बीबी ने ग्रामीणों को बताया कि धनिलाल, ब्रजकिशोर सिंह, ईश्वर महतो और झमन सिंह की ओर से फार्म-7 भरकर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा था. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्य सड़क पर जमा हो गये.

ग्रामीणों के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 196 में कुल 625 मतदाता हैं. इनमें मुस्लिम परिवारों के 140 लोगों के नाम फार्म-7 भरकर जमा करने के लिए दिये गये थे. धनिलाल के भाजपा से जुड़े होने की बात सामने आयी है. धनिलाल ने बताया कि उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष वंशी यादव और अवधेश चंद्रवंशी ने फार्म-7 जमा करने को कहा था. वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनकी ओर से किसी को कोई फार्म नहीं दिया गया है.

क्या है फार्म-7

बीएलओ रूवाना बीबी ने बताया कि फार्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची से किसी मतदाता का नाम हटाने या स्थानांतरित करने की प्रक्रिया की जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि धनिलाल, ब्रजकिशोर सिंह, ईश्वर महतो और झमन सिंह द्वारा फार्म-7 पर हस्ताक्षर कर जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था.

बीएलओ ने बताया कि फार्म-7 में उनके पति, सास, ससुर और परिवार के कई अन्य सदस्यों के नाम भी भरकर दिये गये हैं.

क्या कहते हैं उपायुक्त

इस संबंध में उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि केवल फार्म-7 जमा करने से किसी मतदाता का नाम नहीं कट सकता है, क्योंकि अंतिम निर्णय जिला स्तर पर होना है. हालांकि, उन्होंने कहा कि गलत तरीके से फार्म जमा कराना पूरी तरह गलत है.

उपायुक्त ने बताया कि इस तरह का मामला जिले के महुआडांड़ प्रखंड में भी सामने आया है, जिसकी जांच अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा करायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >