बालूमाथ से मो. शमीम की रिपोर्ट
बालूमाथ(लातेहार). स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सक्रिय टीएसपीसी सदस्य को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक देसी मेड बंदूक भी बरामद हुई है. मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ उमेश सिंह ने कहा कि सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का सक्रिय सदस्य रोहन गंझू (पिता करम गंझू उर्फ कर्मा गंझू), ग्राम भगिया, बालूमाथ स्थित अपने घर आया हुआ है.
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गयी. टीम ने भगिया से सरचलनवा जाने वाली सड़क के किनारे घेराबंदी कर रोहन गंझू को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी में देसी मेड बंदूक बरामद
पुलिस की घेराबंदी से रोहन गंझू बच नहीं सका और आखिरकार टीम ने उसे धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी मेड बंदूक बरामद हुई. पुलिस ने कांड संख्या 107/26 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है. छापेमारी दल में थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, एसआइ देवेंद्र कुमार, धीरज सिंह, होसेन डांग, मनोज कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
राहुल सिंह गैंग के लिए लेवी वसूलता था
पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, रोहन वर्ष 2024 में मगध कोलियरी के गोलीटांड़ में ट्रक जलाने, अमित स्टोन बारियातू में गोलीबारी, चंदवा साइडिंग, शिवपुर साइडिंग और चंद्रगुप्त कोलियरी में गोलीबारी समेत कई घटनाओं में शामिल रहा है. उसने भगिया पंचायत की मुखिया रोहिणी मुंडा से 20 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी. पुलिस के अनुसार, रोहन पूर्व में टीएसपीसी के सब जोनल कमांडर आदेश गंझू के लिए काम करता था.
फरवरी 2026 में पुलिस को चकमा देकर भागा था
फरवरी 2026 में बालूमाथ थाना क्षेत्र के पकरूआ जंगल से आदेश गंझू की गिरफ्तारी के दौरान रोहन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. इसके बाद वह राहुल सिंह गैंग के लिए काम करने लगा. पुलिस ने बताया कि वह लेवी वसूलने के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था और लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था.
ये भी पढ़ें: लातेहार में वज्रपात से किसान की दो दुधारू भैंसों की मौत, 2 लाख का नुकसान
