लातेहार: पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर समाहरणालय सभागार में श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण किया.
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान, आदिवासी समाज के अधिकारों तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए आजीवन संघर्ष किया. उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा. उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण से आने वाली पीढ़ियां निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी.
कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा जनहित एवं विकास के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
