लातेहार: स्थानीय पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बालूमाथ थाना क्षेत्र में 146 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता पाई है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गयी है. छापेमारी दल में एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह, थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह, गौतम कुमार, धीरज कुमार सिंह, पुअनि मनोज कुमार, अभिषेक कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ओड़िशा से लाकर बिहार में बेचते थे गांजा
सोमवार को थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशे की सामग्री की तस्करी कर बालूमाथ के रास्ते बिहार की ओर जाने वाले हैं. गुप्त सूचना के बाद बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने रविवार की शाम मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के समीप चेकिंग अभियान चलाया.
इसी दौरान चंदवा की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रुकवाया गया. तलाशी के दौरान इसमें छह बोरे में गांजा भरा मिला. तत्काल कार पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. इनमें राहुल भुईसल, पिता उद्वव भुईसल, कलामुद्दीन उर्फ सोनू, पिता स्व. अब्दूल खलील और संतोष बेहरा, पिता अशोक बेहरा, तीनों ग्राम बंदवाहल, बनहरपाली, झारसुगुड़ा, ओड़िशा निवासी शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि उक्त लोग ओड़िशा से गांजा लाकर बिहार में बेचने का काम करते थे. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर रेकी कर रहे बोलेरो वाहन (ओआर16बी-7079) को भी जब्त कर लिया. तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किये हैं.
