लातेहार. अमरवाडीह पंचायत के मनातू गांव स्थित टीईपीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट परिसर में बड़े पैमाने पर बालू भंडारण को लेकर प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. गुरुवार को माइनिंग इंस्पेक्टर देवानंद शर्मा, बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास,सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान टीईपीएल कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे और मामले की जांच की.
भंडारित बालू को जब्त
जांच के दौरान प्लांट परिसर में भंडारित बालू को जब्त कर लिया गया. टीम द्वारा बालू के भंडारण से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. गौरतलब है कि प्लांट परिसर में बालू का पहाड़नुमा ढेर होने तथा आसपास की नदियों से मशीन लगाकर बालू उठाव किए जाने का मामला सामने आया था.
प्रशासन से जांच की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि बड़े पैमाने पर नदी से बालू उठाकर प्लांट परिसर में जमा किया गया है. इस संबंध में ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त, खनन विभाग, अंचल प्रशासन और पुलिस प्रशासन से जांच की मांग की थी.
समाचार प्रकाशित होने के बाद कार्रवाई
समाचार प्रकाशित होने के बाद हुई कार्रवाई से ग्रामीणों ने संतोष जताया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बालू के स्रोत, उठाव की मात्रा, भंडारण की अनुमति तथा जब्त बालू की मापी कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है
