चंदवा,लातेहार: प्रखंड के लुकुईया गांव स्थित खेल मैदान में नव युवक संघ के तत्वावधान में स्व. सुकरा उरांव स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ बुधवार को किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झामुमो नेता सह बॉक्साइट ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सचिव रोहित अग्रवाल, जीटीपीएस के प्राचार्य हिमांशु सिंह, समाजसेवी बबलू दुबे, मनीष सिंह, झामुमो नेता सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.
उद्घाटन मुकाबले में आदिवासी टाइटंस की जीत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला आदिवासी टाइटंस और रोको ब्रदर्स काठी टांड़ के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए आदिवासी टाइटंस की टीम ने जीत दर्ज की.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं.
उन्होंने खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए आयोजन समिति के प्रयास की सराहना की. मौके पर आयोजन समिति के रौशन कुमार समेत दर्जनों खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद थे.
