गारू (लातेहार) : थाना क्षेत्र के मारोमार के ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह (57 वर्ष) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. इस संबंध में मृतक के परिजन महेंद्र सिंह और बाबूलाल सिंह ने बताया कि दो दिन पहले गुरुवार को मनमोहन सिंह घर से मवेशी चराने के लिए जंगल गये थे. इसके बाद वे घर नहीं लौटे. परिजन उनकी काफी खोजबीन कर रहे थे.
दो दिन बाद पेड़ के नीचे मिला शव
गुरुवार को खराब मौसम के कारण तेज आंधी-बारिश के साथ वज्रपात हुआ. इसी की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि दो दिनों की काफी खोजबीन के बाद शनिवार की सुबह मारोमार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे उनका शव मिला. शव के ऊपर एक पेड़ भी गिरा हुआ पाया गया.
घटना की सूचना थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पेड़ को हटाकर शव को बाहर निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस को लेकर बीडीओ अभय कुमार की अध्यक्षता में बैठक
