लातेहार. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जिला इकाई की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिले के सभी प्रखंडों से पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और पूर्व के कार्यों की समीक्षा के साथ विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गयी.
ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग
बैठक में राजद नेताओं ने कहा कि लातेहार जिले में ओबीसी समुदाय को वर्तमान में आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है. पार्टी ने ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की. इसके अलावा जिले में हुए सर्वे में दर्ज त्रुटियों को सुधारने और रजिस्टर-2 के अनुसार ऑनलाइन रसीद काटने की मांग भी उठायी गयी.
जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने कहा कि इन मांगों को लेकर उपायुक्त को आवेदन दिया गया है. इससे पहले मुख्यमंत्री को भी आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गयी थी. उन्होंने कहा कि अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
एक माह में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एक माह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गयी, तो राजद की ओर से जिले में आंदोलन किया जाएगा.
मौके पर बल्ली यादव, मोहर सिंह यादव, देववंश यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू रंजन प्रसाद, प्रदेश सचिव रंजीत यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, युवा जिलाध्यक्ष दीपक यादव, भोला सिंह, वीरेंद्र यादव, मनोज यादव, सुरेश राम, निजाम अंसारी, संतोष यादव, इमरान अंसारी एवं चेतन यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
