महुआडांड़. नेतरहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत दौना गांव निवासी आदिम जनजाति युवक नवल बृजिया (पिता-रमजान बृजिया) की मौत केरल में हो गयी. नवल बृजिया दो छोटे बच्चों के साथ आठ माह की गर्भवती पत्नी को छोड़ गत 13 फरवरी को केरल कमाने गया था. युवक का शव अलुवा रेलवे स्टेशन के पास से रेलवे पुलिस ने बरामद किया गया. मृतक के पास से प्राप्त आइडी के आधार पर रेलवे पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार गत 13 फरवरी को नवल बृजिया कमाने के लिए केरल जाने के लिए घर से निकला था. इसके बाद से ही उससे संपर्क नहीं हुआ था. पुलिस ने मौत की सूचना दी. पैसे के अभाव में मृतक का शव घर नहीं लाया जा सका. मृतक की पत्नी बसंती देवी ने बताया कि शव को घर तक लाने के लिए 80 हजार रुपये लगेंगे. रुपये के अभाव के कारण घर के लोग उसका अंतिम दर्शन तक नहीं कर सके. शव का दाह-संस्कार भी कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
