लातेहार: भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर बुधवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडी सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया गया. इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार ने सदर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 209- मध्य विद्यालय बाजार पूर्वी भाग, मतदान केंद्र संख्या 210- मध्य विद्यालय लातेहार बाजार पश्चिम भाग, मतदान केंद्र संख्या 223- उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय इचाक पूर्वी भाग व मतदान केंद्र संख्या 224- उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय इचाक पश्चिम भाग का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडी सूची की विधिवत जांच की. साथ ही उपस्थित बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची का अधिक से अधिक मतदाताओं तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने या सुधार कराने से वंचित न रहे.
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करें और त्रुटि होने पर निर्धारित समय-सीमा के अंदर दावा व आपत्ति दर्ज कराएं.
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मडकी, एसडीओ दिनेश कुमार, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी, सीओ नंदकुमार राम समेत कई मतदाता उपस्थित थे.
