लातेहार: प्रखंड के सिकनी गांव स्थित छह पड़हा धुमकुड़िया भवन में सोमवार को पंचायत स्तरीय लोहरा समाज की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुरेश नाथ लोहरा ने की, जबकि संचालन निरूपा लोहरा ने किया।
बैठक में समाज की पारंपरिक व्यवस्था, रीति-रिवाज और सामाजिक अस्तित्व को बनाए रखने को लेकर चर्चा की गयी। उपस्थित लोगों ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस दौरान समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गयी। बताया गया कि आवेदन पत्र भरकर अंचल अधिकारी के कार्यालय में जमा करने के बाद ग्राम सभा की प्रक्रिया पूरी कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
बैठक में प्रखंड महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष उषा उरांव, बालो लोहरा, संजय लोहरा, अजय लोहरा, अनिल लोहरा, भोला लोहरा समेत लोहरा समाज के कई लोग मौजूद थे।
