चंदवा़ टोरी रेलवे क्रॉसिंग (एनएच-99) पर प्रस्तावित आरओबी निर्माण में हो रही देरी के विरोध में माकपा और झारखंड राज्य किसान सभा के बैनर तले 15 जून को लातेहार में पदयात्रा निकाली जायेगी. उक्त जानकारी माकपा नेता अयुब खान व रसीद मियां ने दी. उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरओबी निर्माण के लिए ऑन लाइन शिलान्यास किया था. बावजूद कार्य शुरू नहीं हो सका है. नेताओं ने बताया कि पदयात्रा के बाद अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जायेगा. लोगों ने कहा कि फाटक पर घंटों जाम लगने से एंबुलेंस, यात्री बसें और आम लोग प्रभावित होते हैं. कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने पर उनकी मौत भी हो गयी है. कार्यक्रम को लेकर प्रचार प्रसार जारी है. तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संकल्प
चंदवा़ विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर लातेहार पुलिस द्वारा थानों में जागरूकता कार्यक्रम हुआ. चंदवा थाना परिसर में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया. सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई. पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे और आमजन को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे. पुनि सह थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी समेत कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है. इसके सेवन से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. लोगों से तंबाकू एवं नशे की लत से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. समाज में नशामुक्ति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया.
