चंदवा. उपायुक्त के निर्देश पर स्थानीय अंचल कार्यालय परिसर में 18 फरवरी से चार मार्च तक विशेष शिविर का आयोजन किया गया है. शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को अंचल अंतर्गत विभिन्न गांव के भू-रैयतों अपनी समस्याओं को लेकर शिविर में आवेदन दिया. अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक ने बताया कि शिविर में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए. इसमें 20 आवेदन भूमि रकबा सुधार, तीन दाखिल खारिज, एक जमीन विवाद व पांच आवेदन अन्य वाद के थे. उन्होंने बताया कि इनमें से 17 आवेदन का निष्पादन ऑन स्पॉट किया गया है. शिविर में अलौदिया गांव निवासी रामदयाल लोहार ने सीओ को आवेदन देकर रकबा कम होने के मामले में गुहार लगायी. बताया कि स्व अर्जुन लोहार के नाम पर हल्का चार, खाता संख्या 63, प्लॉट-800 में रकबा 93 डिसमिल भूमि दर्ज है. इसका ऑनलाइन रसीद पूर्वज जोधन लोहार व बंधन लोहार पिता चरखा लोहार के नाम से कटता है. पूर्वजों की ओर से पूर्व में किसी प्रकार की जमीन बिक्री नहीं की गयी है और न ही वर्तमान में कोई बिक्री हुई है, लेकिन रकबा में 10 डिसमिल जमीन कम हो गयी. जांच कर रकबा सुधार करने की अपील की है. मौके पर अंचलाधिकारी के अलावा सीआइ महेश सिंह, राजस्व कर्मचारी प्रतिमा एक्का, प्रेम एक्का, राजेंद्र कुजूर, अमित प्रदीप तिर्की, मुनेश्वर गंझू, गुलाम साबिर, जनेश्वर राम, लिपिक उमेश प्रजापति, अशोक कुमार, तनवीर आलम आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
