चंदवा, लातेहार: प्रखंड के बाना-चकला गांव स्थित उड़िसा एलॉय स्टील प्रा. लि. के प्रबंधन के खिलाफ मैनपावर कर्मियों और विस्थापित-प्रभावित रैयतों ने नाराजगी जतायी है. इस संबंध में कंपनी के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर प्रबंधन के पदाधिकारियों पर झूठा आश्वासन देने और पूर्व में बनी सहमति एवं समझौतों के अनुरूप कार्य नहीं करने का आरोप लगाया गया है.
पत्र में कहा गया है कि कॉरपोरेट पावर लिमिटेड द्वारा प्लांट अधिग्रहण किये जाने के बाद से विस्थापित एवं प्रभावित रैयतों के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई है. आरोप लगाया गया कि लिखित और मौखिक समझौतों की अनदेखी की जा रही है.
मैनपावर कर्मियों ने कहा कि उन्होंने कंपनी के साथ हमेशा सहयोगात्मक रवैया अपनाया है, लेकिन कंपनी के पदाधिकारियों की ओर से स्थानीय लोगों के साथ छलपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है. मैनपावर कर्मियों और विस्थापित-प्रभावित रैयतों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों और पूर्व में तय समझौतों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो वे अपने हक और अधिकार के लिए जोरदार आंदोलन करेंगे.
पत्र के माध्यम से महाप्रबंधक से मामले में हस्तक्षेप करते हुए मांगों पर सकारात्मक विचार करने और पूर्व में तय समझौतों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गयी है.
