लातेहार ़ आगामी 21 जून को होने वाली नीट–यूजी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने केंद्रीय विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी और सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन के नियमों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं पारदर्शिता बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की स्थिति सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के आसपास की संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी ताकि अभ्यर्थियों को पूरी तरह शांत वातावरण मिल सके. यह नीट यूजी परीक्षा अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जायेगी, जिसमें कुल 178 परीक्षार्थी भाग लेंगे. निरीक्षण के मौके पर एसडीओ दिनेश कुमार, डीइओ प्रिंस कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे.
नीट-यूजी परीक्षा की तैयारियां पूरी, डीसी-एसपी ने किया केंद्र का निरीक्षण
नीट-यूजी परीक्षा की तैयारियां पूरी, डीसी-एसपी ने किया केंद्र का निरीक्षण
