लातेहार: सदर थाना क्षेत्र में अलग-अलग वज्रपात की घटनाओं में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गईं।
पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के होटवाग गांव में हुई, जहां धान रोपने के दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से 24 वर्षीय निर्मला देवी, पति सुरेंद्र सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल उन्हें लातेहार सदर अस्पताल लाया गया। यहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर राजद के प्रदेश सचिव रंजीत यादव व जिला उपाध्यक्ष संतोष यादव सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायल महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने में सहयोग किया।
दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र की जालिम पंचायत में हुई। यहां जालिम निवासी शिवनाथ उरांव भी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गए, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
