लातेहार: सदर प्रखंड के नावागढ़ और तरवाडीह को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बरसात के कारण कई जगह क्षतिग्रस्त हो गयी है. इस सड़क से प्रतिदिन दोनों गांवों के बच्चे वाहन से जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न स्कूलों में जाते हैं. इसके अलावा ग्रामीण भी आवागमन के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं.
लगातार बारिश के कारण सड़क कई जगह से कट गयी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है. बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.
वहीं, नावागढ़ पुल पर भी कई जगह सड़क टूट गयी है. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
