लातेहार : जिले में सोमवार को लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा. अधिक बारिश के कारण सदर प्रखंड की तरवाडीह पंचायत में मनकेरी-तरवाडीह मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया है.
उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, मनिका प्रखंड के हेरहंज-मनिका मुख्य पथ स्थित विशुनबांध पंचायत के छलका में पानी उफान पर है. इससे दोनों ओर से वाहनों और लोगों का आवागमन बंद हो गया.
सोमवार को करीब दो घंटे से अधिक समय तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. पानी कम होने के बाद लोगों ने छलका पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचना शुरू किया. लगातार बारिश के कारण जिले की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है.
