लातेहार. जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय लातेहार प्रबंध समिति की बैठक नामित अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई. प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने समिति के सदस्यों को पौधा भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद प्राचार्य ने बैठक के एजेंडे की जानकारी सदस्यों को दी.
प्राचार्य ने इस वर्ष मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों से भी समिति को अवगत कराया. बैठक में विद्यालय में सीसीटीवी लगाने तथा कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय के लिए एसी खरीदने की अनुमति दी गयी.
इसके अलावा फर्नीचर, पुस्तकालय के लिए पुस्तकों, विद्यालय के मेंटनेंस, पानी की टंकी के लिए तीन वाटर फिल्टर, परीक्षा से संबंधित मुद्रित व लेखन सामग्री तथा खेल सामग्री की खरीद का अनुमोदन किया गया.
छात्रों की स्वास्थ्य जांच और स्ट्रीट लाइट पर भी चर्चा
बैठक में छात्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने पर भी विचार किया गया. मेन रोड से विद्यालय परिसर तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने तथा एनएच-75 पर विद्यालय के प्रवेश द्वार के पास गतिरोधक बनवाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई.
बैठक में समिति के सदस्य आशीष टैगोर, भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता पंकज कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि, शिक्षक प्रतिनिधि बालजिंदीर कौर देव, संत जेवियर की प्राचार्या, अभिभावक सदस्य आभा एक्का और मनोज कुमार पवइया समेत अन्य लोग मौजूद थे.
