लातेहार ़ सदर प्रखंड की पेशरार और भूसूर पंचायत के ग्रामीणों की बैठक रिचूघुटा गांव में हुई. इसमें हिंडाल्को बॉक्साइट साइडिंग तथा डीवीसी कंपनी द्वारा प्रस्तावित नयी कोयला साइडिंग परियोजना के विरोध पर रणनीति बनायी गयी. बैठक का नेतृत्व विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार ने किया. मौके पर पवन कुमार ने कहा कि हिंडालको इस क्षेत्र में पिछले 70 वर्षों से कार्य कर रही है, लेकिन आज तक प्रभावित पंचायतों के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं. कंपनी ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया. उन्होंने चेतावनी दी कि डीवीसी कंपनी द्वारा नयी कोल साइडिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है. जब तक स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बहाल नहीं की जातीं, तब तक साइडिंग का कार्य शुरू नहीं होने दिया जायेगा. मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी : बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी नौ जून को पुनः बड़ी बैठक आयोजित होगी, जिसमें करीब पांच हजार ग्रामीण शामिल होंगे. इसके बाद उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा जायेगा. यदि कंपनियों ने ग्रामीणों की मांगें पूरी नहीं की, तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जायेगा. बैठक में राजदेव प्रसाद, आशीष कुमार, पूनम देवी, अनीता देवी, सीमा देवी, रामा नगेसिया, सुनील उरांव, सकेंद्र उरांव, इब्राहिम अंसारी, शिवचरण सिंह, अजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पुतूल कुमारी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.
हिंडाल्को ने 70 वर्षों में भी नहीं दी बुनियादी सुविधाएं : पवन कुमार
हिंडाल्को ने 70 वर्षों में भी नहीं दी बुनियादी सुविधाएं : पवन कुमार
