लातेहार: सशस्त्र सीमा बल 35वीं वाहिनी के कमांडेंट संजीव कुमार के निर्देश पर ई-समवाय कंपनी की पहल पर सोमवार को प्रखंड में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली गयी. उत्क्रमित मध्य विद्यालय घुर्रे से तिरंगा रैली शुरू हुई. इसका नेतृत्व सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमांडेंट श्यामल विश्वास कर रहे थे. बच्चे भारत माता की जय, सबसे ऊंचा देश हमारा, हम सब एक हैं समेत अन्य नारे बुलंद कर रहे थे. बच्चों में देशप्रेम और एकता का उत्साह दिखा.
तिरंगे के महत्व की दी जानकारी
सहायक कमांडेंट श्यामल विश्वास ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है. ध्वज में बना अशोक चक्र देश के आदर्शों और मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है. उन्होंने बच्चों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया.
मौके पर एसआई पारस मणि, विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार, शिक्षक प्रेम जायसवाल, विकास जायसवाल समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे.
