लातेहार. पोषण माह एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अवसर पर बुधवार को जिला कार्यालय परिसर स्थित वेयर हाउस में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार एवं उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने फलदार पौधे लगाये.
बेटी के जन्म पर पौधारोपण का आह्वान
उपायुक्त संदीप कुमार ने पौधारोपण के माध्यम से बेटी के सम्मान का संदेश दिया. उन्होंने समाज के सभी लोगों से बेटी के जन्म पर पौधारोपण करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इस पहल से बेटियों के प्रति सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बेटी के महत्व, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रत्येक घर में पोषण वाटिका विकसित करने का संदेश दिया गया.
पोषण वाटिका विकसित करने पर जोर
उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने उपस्थित आंगनबाड़ी सेविकाओं को संबोधित करते हुए गृह भ्रमण के माध्यम से अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में परिवारों को पोषण माह के दौरान फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया. उन्होंने पोषण वाटिका के माध्यम से परिवारों में पोषणयुक्त आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी, महिला पर्यवेक्षक अनीता कुमारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं लाभुक उपस्थित थे.
